Kahiyo की सेवा की शर्तें
आख़िरी बदलाव: 6 नवंबर 2026
हम बस दो लोग हैं। ये शर्तें सीधी भाषा में लिखी हैं, ताकि आप जान सकें कि Kahiyo इस्तेमाल करते समय हम आपसे और आप हमसे क्या उम्मीद कर सकते हैं।
1. Kahiyo क्या है
Kahiyo हिंदी कहानियों का ऐप और वेबसाइट है। कहानियाँ देखना बिल्कुल फ़्री है। ऐप सिर्फ़ Google Play पर मिलता है; किसी और जगह से मिली ऐप-फ़ाइल इंस्टॉल न करें।
2. आपका अकाउंट
साइन इन फ़ोन नंबर या Google से होता है। अपना OTP किसी को न बताएँ, हमें भी नहीं। एक इंसान का एक अकाउंट रहे, और अकाउंट से जो होता है उसकी ज़िम्मेदारी आपकी है। 18 साल से कम उम्र के हों तो माता-पिता या अभिभावक की जानकारी में इस्तेमाल करें। अपना अकाउंट आप ऐप से कभी भी हटा सकते हैं।
3. लोगों की अपनी कहानियाँ (Create)
Create में आप अपनी कहानी सुनाते हैं और उससे एपिसोड बनते हैं। इस काम में हम कंप्यूटर की मदद लेते हैं। बने हुए एपिसोड आप अपने फ़ोन में सेव करके Instagram, YouTube या WhatsApp पर डाल सकते हैं।
आप हमें इजाज़त देते हैं कि हम आपकी कहानी और उसके एपिसोड Kahiyo में दिखाएँ: खोज में, आपके पेज पर, आपके लिंक से, और तय नियमों के हिसाब से Home और बाकी जगह, आपके नाम और प्रोफ़ाइल के साथ। हम उन्हें शेयर के छोटे वीडियो और लिंक में भी इस्तेमाल कर सकते हैं। आप अपनी कहानी जब चाहें छिपा या हटा सकते हैं।
आप वादा करते हैं कि कहानी आपकी अपनी है, या आपने उसे सुना-जाना है, और उसमें किसी और की कॉपी की हुई चीज़, किसी असली इंसान की बदनामी या नियमों में मना की गई बातें नहीं हैं।
4. Create के नियम
क्या बनता है और क्या नहीं बनता, ये Create के नियम में लिखा है। वे नियम इन शर्तों का हिस्सा हैं। नियम टूटें तो हम कहानी हटा सकते हैं। पहली बार हम प्यार से बताते हैं; दोबारा होने पर Create आपके लिए बंद करना पड़ सकता है। ये फ़ैसला हम लोग हाथ से करते हैं, कोई मशीन नहीं, और आप हमें लिखकर उसे दोबारा देखने को कह सकते हैं। Create बंद होने पर भी आप Kahiyo की सारी कहानियाँ पहले की तरह देख सकते हैं।
5. Create के इनाम और गिनतियाँ
Create के अंदर कुछ चीज़ें, जैसे एपिसोड बनाने की गिनती, इनाम और दोस्त बुलाने पर मिलने वाली चीज़ें, ऐप के Create पन्नों में लिखे अलग नियमों से चलती हैं। वे नियम भी इन शर्तों का हिस्सा हैं। ये पैसे में नहीं बदलतीं और इन्हें बेचा या ख़रीदा नहीं जा सकता। गड़बड़ी या धोखे से मिली चीज़ हम हटा सकते हैं।
6. Kahiyo की अपनी कहानियाँ और ब्रांड
Kahiyo का ब्रांड, चित्र और हमारी अपनी कहानियों की प्रस्तुति लागू मालिकाना हक़ और लाइसेंस के तहत सुरक्षित हैं। वेबसाइट या ऐप देखने से ये हक़ आपको नहीं मिल जाते। इन्हें कॉपी करके बाँटना, बेचना या अपने नाम से डालना मना है। डाउनलोड और शेयर के फ़ीचर निजी इस्तेमाल और शेयर करने के लिए हैं।
7. क्या न करें
ऐप या सिस्टम में गड़बड़ी करना, कई अकाउंट बनाकर इनाम लेना, किसी को परेशान करना, दूसरों की निजी जानकारी डालना, और ऐप को बदलकर या नक़ली रूप में बाँटना, ये सब मना हैं।
8. हमारी ज़िम्मेदारी
हम पूरी कोशिश करते हैं कि सब ठीक चले, पर ऐप और कहानियाँ हमेशा उपलब्ध रहेंगी, इसकी गारंटी हम नहीं दे सकते। ऐप, उसकी चीज़ें और ये शर्तें समय के साथ बदल सकती हैं। कोई बड़ा बदलाव होगा तो इसी पेज पर बताएँगे।
9. क़ानून
इन शर्तों पर भारत का क़ानून लागू होता है।
10. हमसे बात करें
कोई सवाल हो तो Kahiyo ऐप में “मदद” से हमें लिखिए।